हल्द्वानी - नर्सिंग कॉलेज में रैगिंग का आरोप, दाखिले के अगले दिन ही छात्र ने छोड़ा कॉलेज, सीनियर छात्रों पर यह लगाए आरोप 
 

 

हल्द्वानी - राजकीय नर्सिंग कॉलेज हल्द्वानी में रैगिंग की शिकायत सामने आई है। जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर निवासी नर्सिंग प्रथम सेमेस्टर के एक छात्र ने सीनियर छात्रों पर अभद्रता और गाली-गलौज करने के साथ ही उन्हें ‘बॉस’ कहकर संबोधित करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। घटना से आहत छात्र ने दाखिला लेने के अगले ही दिन कॉलेज छोड़ दिया। मामले में कॉलेज प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है और एंटी रैगिंग कमेटी को भी सूचना दे दी गई है।

जानकारी के अनुसार, छात्र ने पांच अक्तूबर को राजकीय नर्सिंग कॉलेज में प्रथम सेमेस्टर में दाखिला लिया था। छात्र की ओर से दिए गए शिकायती पत्र के मुताबिक, दाखिले के दिन ही सीनियर छात्रों ने उसे अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ अभद्रता की। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज की गई और उसे सीनियर छात्रों को ‘बॉस’ कहकर बुलाने के लिए दबाव बनाया गया।

छात्र छह अक्तूबर की सुबह ही कॉलेज छोड़कर चला गया। वह दाखिले के समय अपने माता-पिता के साथ आया था। शिकायत सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने छात्र और अन्य विद्यार्थियों से पूछताछ कर मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई है।

कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शबिस्ता नाज के अनुसार, छात्र की कॉलेज में रुकने की इच्छा नहीं होने पर उसके माता-पिता से उसे कुछ दिन के लिए घर ले जाने को कहा गया है। मामले की सूचना एंटी रैगिंग कमेटी को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि शिकायत की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।