उत्तराखंड - यहां नशे में धुत थानाध्यक्ष को SSP ने किया निलंबित, देर रात शराब के नशे में SHO ने कई गाड़ियों को मारी थी टक्कर 

 

देहरादून - राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ा मामला सामने आया है। राजपुर थानाध्यक्ष को शराब के नशे में धुत होकर कई वाहनों को टक्कर मारने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे लेकर देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया और कड़ी कार्रवाई की।

वायरल वीडियो ने खोली पोल - 
घटना एक अक्टूबर रात करीब 9 बजे की है, जब राजपुर थानाध्यक्ष नशे की हालत में अपनी निजी कार चला रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक के बाद एक कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। मौके पर हंगामा खड़ा हो गया और लोगों ने थानाध्यक्ष को मौके से भागने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया। कुछ स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

एसएसपी ने लिया तत्काल संज्ञान - 
वीडियो के वायरल होते ही एसएसपी देहरादून ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रथम दृष्टया गलत आचरण और कर्तव्य की अवहेलना मानते हुए राजपुर थानाध्यक्ष को तत्काल निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ अभियोग पंजीकृत करने के आदेश भी जारी किए गए हैं। राजपुर थाने की जिम्मेदारी अब उपनिरीक्षक दीपक धारीवाल को सौंपी गई है, जो वर्तमान में कालसी थाने के प्रभारी थे।

कानून सबके लिए बराबर: एसएसपी -
एसएसपी ने एसपी सिटी देहरादून को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच के आदेश दिए हैं। इसमें आरोपित अधिकारी और अन्य संलिप्त लोगों का मेडिकल परीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी आदि शामिल हैं।
एसएसपी देहरादून ने साफ कहा कि "कानून सबके लिए समान है और किसी को भी विशेष छूट नहीं दी जा सकती।" उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्रवाई के जरिए एक स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की गई है कि अनुशासनहीनता और गैरकानूनी कार्य किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।