देहरादून - उत्तराखंड में 8 जून से शुरू होगा विशेष गहन पुनरीक्षण SIR अभियान, इतने लाख मतदाताओं तक पहुंचेंगे बीएलओ

 

देहरादून - उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य के लगभग 79 लाख मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र तैयार कर सभी जिलों को भेज दिए गए हैं। आगामी 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर इन प्रपत्रों का वितरण करेंगे और भरे हुए फॉर्म वापस एकत्र करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार प्रदेश के 79 लाख 76 हजार से अधिक मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र मुद्रित कर जिलों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान के तहत 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ मतदाताओं के घर पहुंचकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे तथा उन्हें भरवाकर जमा करेंगे। निर्वाचन विभाग के कार्यक्रम के अनुसार 7 जुलाई को मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट रोल) प्रकाशित होगा। ड्राफ्ट रोल पर 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि 10 जुलाई से 11 सितंबर के बीच उन प्रपत्रों की विशेष जांच की जाएगी, जिनकी जानकारी पर संदेह होगा। आवश्यक होने पर संबंधित मतदाताओं को नोटिस भी जारी किए जाएंगे। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 15 सितंबर को राज्य की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

गणना प्रपत्र में देनी होगी यह जानकारी - 
गणना प्रपत्र पर मतदाता का वर्तमान ईपिक नंबर, नाम, पता, मतदान केंद्र की जानकारी और क्यूआर कोड पहले से अंकित रहेगा। मतदाता को पूर्व मतदाता सूची संबंधी विवरण, परिवार के सदस्य का ईपिक नंबर, जिला, विधानसभा क्षेत्र और अन्य आवश्यक जानकारियां भरनी होंगी।

इसके अलावा जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, माता-पिता अथवा पति-पत्नी का नाम व ईपिक नंबर, आधार संख्या (वैकल्पिक) सहित अन्य विवरण भी दर्ज करने होंगे। मतदाता को अपना नवीनतम फोटो लगाकर हस्ताक्षर के साथ फॉर्म बीएलओ को जमा करना होगा। निर्वाचन विभाग ने बताया कि यह फॉर्म ऑनलाइन भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे डाउनलोड कर भरने के बाद जमा किया जा सकेगा। विभाग ने सभी मतदाताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी कर मतदाता सूची को अद्यतन बनाने की अपील की है।