हल्द्वानी - शहर की बेटी शिवानी नेगी बनी भारतीय सेना में कैप्टन, सैन्य परिवार का बढ़ाया गौरव, इन पदों में भी कर चुकी हैं काम 

 

 

 

हल्द्वानी - नैनीताल जिले की बेटी शिवानी नेगी ने भारतीय सेना में कैप्टन के पद पर पदोन्नति हासिल कर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। हल्द्वानी निवासी नवीन सिंह नेगी की पुत्री शिवानी नेगी को 18 सितंबर 2026 को भारतीय सेना की दक्षिणी कमांड, पुणे में कैप्टन के पद पर पदोन्नति मिली। शिवानी नेगी ने 17 सितंबर 2024 को भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया था। इसके बाद से वह दक्षिणी कमांड, पुणे में अपनी सेवाएं दे रही हैं। सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार से आने वाली शिवानी के दादा भी भारतीय सेना में मेजर के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

शिवानी की इस उपलब्धि से उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी पदोन्नति पर परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की है। शिवानी की सफलता ने सैन्य विरासत वाले परिवार के गौरव को और बढ़ाया है।

शिवानी की प्रारंभिक शिक्षा सहारनपुर के मिशनरी स्कूल सोफिया गर्ल्स हाई स्कूल से रही है। अपनी स्नातक की पढ़ाई बीएससी नर्सिंग सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज से की। साल 2022-23 में शिवानी ने उत्तराखंड सरकार में सीएचओ की परीक्षा पास कर अल्मोड़ा जिले में पहली पोस्टिंग प्राप्त की थी। साथ ही मिलिट्री नर्सिंग सर्विस की भी तैयारी जारी रखी। अपनी मेहनत व लगन से शिवानी ने 2024 में मिलिट्री नर्सिंग सर्विसेज की परीक्षा में 594वीं रैंक हासिल की थी।