हल्द्वानी - बनभूलपुरा में सनसनीखेज अमन हत्याकांड का खुलासा, निक्की उर्फ नाटी अपनी पत्नी से सम्बन्ध होने का करता था शक
हल्द्वानी - वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र के जवाहर नगर में हुई सनसनीखेज हत्या का मात्र 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपी निक्की उर्फ नाटी को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त आला कत्ल दुपट्टा भी बरामद किया गया है।
16 सितंबर 2026 को स्थानीय पार्षद द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि जवाहर नगर में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में की। मृतक की उम्र 29 वर्ष थी। प्रारंभिक जांच में गले पर यू-आकार का निशान पाए जाने के बाद मामला संदिग्ध माना गया। शव का पोस्टमार्टम हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में किया गया।
मृतक के परिजनों के बारे में जानकारी न मिलने पर पुलिस ने घटना का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी0सी0 के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर आरोपी निक्की उर्फ नाटी को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दुपट्टा भी मस्ता टेन्ट हाउस, जवाहर नगर से बरामद किया गया।