हल्द्वानी - बेस अस्पताल की खिड़की से कूदकर फरार हुआ दुष्कर्म का आरोपी किशोर, पुलिस में मचा हड़कंप
हल्द्वानी - हल्द्वानी के सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया दुष्कर्म का आरोपी किशोर सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे हुई इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। किशोर बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध था और तबीयत खराब होने की शिकायत पर उसे अस्पताल लाया गया था। उसके फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीमें तलाश में जुट गईं। जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने करीब एक महीने पहले 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया था। जुवेनाइल कोर्ट के आदेश पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। गुरुवार को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते संप्रेक्षण गृह की गार्द उसे उपचार और जांच के लिए बेस अस्पताल लेकर पहुंची थी।
शौचालय जाने के बहाने दिया चकमा -
बताया जा रहा है कि अस्पताल में मौजूद रहने के दौरान किशोर ने शौचालय जाने की बात कही। इसी बीच वह गार्ड को चकमा देकर अस्पताल की खिड़की से नीचे कूद गया और मौके से फरार हो गया। गार्द को घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद किशोर की तलाश शुरू कर दी गई।
बनभूलपुरा क्षेत्र में तलाश तेज -
पुलिस के अनुसार, फरार किशोर की तलाश के लिए हल्द्वानी कोतवाली और बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। किशोर के परिजनों और करीबियों से भी पूछताछ की जा रही है। उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए सर्विलांस की मदद ली जा रही है।
जल्द पकड़ने का दावा -
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि फरार किशोर की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किशोर को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस अस्पताल से किशोर के फरार होने की परिस्थितियों और उसकी तलाश से जुड़े सभी पहलुओं पर कार्रवाई कर रही है।