रामनगर - वनकर्मियों पर मारपीट का आरोप, पेट्रोल की बोतल लेकर वन चौकी की छत पर चढ़ा युवक, मचा हड़कंप 

 

रामनगर - कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में वनकर्मियों पर ग्रामीणों के साथ मारपीट करने का आरोप लगने के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। घटना से नाराज एक युवक वन चौकी की छत पर चढ़ गया और आरोपित वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई तथा निलंबन की मांग करने लगा। मौके पर पहुंचे वन अधिकारियों, पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने समझाकर उसे नीचे उतारा।

जानकारी के अनुसार, ढेला गांव निवासी शिव गिरी और वन गुर्जर नन्दू जंगल के किनारे जलौनी लकड़ी लेने गए थे। आरोप है कि इस दौरान एक वन आरक्षी और दो दैनिक कर्मियों ने उन्हें पकड़कर ढेला वन चौकी लाया। यहां वन अधिनियम के तहत उनका चालान कर जुर्माना वसूला गया। इसके बाद वनकर्मियों पर दोनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया, जिससे वे घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर शिव गिरी के भतीजे चंदन गिरी ने विरोध स्वरूप पेट्रोल लेकर ढेला वन चौकी की छत पर चढ़कर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी रेंज कार्यालय पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चौकी पर मौजूद एक महिला वनकर्मी ने भी उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित वनकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निलंबन की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस, वन विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। वहीं, पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

 

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।