उत्तराखंड - खराब मौसम के चलते राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा प्रभावित, हेलीकॉप्टर बीच रास्ते से लौटा पंतनगर
पंतनगर/अल्मोड़ा - लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस नेता राहुल गाँधी का उत्तराखंड दौरा गुरुवार को खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्हें अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन प्रतिकूल मौसम और कम दृश्यता के कारण उनका हेलीकॉप्टर बीच रास्ते से ही वापस पंतनगर लौट आया। उन्होंने फोन से जनता को संबोधित किया।
पंतनगर एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार राहुल गांधी पंतनगर से हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए थे, लेकिन मार्ग में मौसम अत्यधिक खराब हो गया। विजिबिलिटी कम होने के कारण पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेलीकॉप्टर को वापस पंतनगर एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया।
अधिकारियों ने बताया कि राहुल गांधी फिलहाल पंतनगर में ही रुके हुए हैं और मौसम में सुधार का इंतजार कर रहे हैं। मौसम अनुकूल होने पर उनके पुनः अल्मोड़ा के लिए रवाना होने की संभावना है। खराब मौसम के चलते उनकी निर्धारित जनसभा में देरी हुई है।
इस बीच, अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा स्थल पर बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही पहुंचने लगे थे। महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। तेज धूप और गर्मी के बावजूद कई महिलाएं छाता ओढ़कर सभा स्थल पर राहुल गांधी को सुनने पहुंचीं। प्रशासन और कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम साफ होते ही राहुल गांधी के कार्यक्रम को पुनः शुरू किए जाने की संभावना है।