देहरादून - चुनावी शंखनाद करने उत्तराखंड आएंगे राहुल गांधी, कुमाऊं-गढ़वाल में इन जगहों पर करेंगे बड़ी रैलियां

 

देहरादून - लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा तय हो गया है। करीब चार साल बाद राहुल गांधी प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी चार जून को कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सुबह अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि दोपहर दो बजे पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होकर पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे।

पांच जून को देहरादून में राहुल गांधी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व मंत्रियों, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों और विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति, संगठन की मजबूती और जमीनी फीडबैक पर चर्चा होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी के दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूती मिलेगी। कांग्रेस पार्टी ने दो दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं।