देहरादून - छात्रों से संवाद करने उत्तराखंड पहुंचे राहुल गांधी, कांग्रेस नेताओं के साथ भी करेंगे चुनावी रणनीति पर चर्चा

 

देहरादून - लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों से संवाद करने के लिए बुधवार को देहरादून पहुंच गए। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी रेसकोर्स स्थित बन्नू ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करेंगे और उनके सवालों का जवाब देंगे।

कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां की हैं। बन्नू ग्राउंड में छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ग्राउंड छोटा होने और बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पंडाल में स्टैंडिंग व्यवस्था रखी गई है। कार्यक्रम स्थल पर केवल राहुल गांधी के लिए मंच तैयार किया गया है।

कांग्रेस नेताओं के साथ करेंगे बैठक - 
कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी मसूरी रोड स्थित एक होटल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान आगामी चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और प्रदेश में पार्टी की तैयारियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने बताया कि राहुल गांधी करीब एक घंटे तक पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद शाम पांच बजे बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

छात्रों की समस्याओं पर होगी चर्चा - 
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के कई जिलों से छात्र देहरादून पहुंचे हैं। छात्रों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर राहुल गांधी लगातार आवाज उठा रहे हैं। छात्र संवाद के दौरान युवा अपनी समस्याएं और सुझाव उनके सामने रखेंगे। राहुल गांधी के साथ इस संवाद के लिए बड़ी संख्या में छात्रों ने रुचि दिखाई है। अब तक 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। हालांकि पंडाल में प्रवेश केवल पंजीकृत छात्रों को ही दिया जाएगा।

छात्रों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर हेल्प डेस्क बनाई गई है। इसके अलावा पंजीकरण से जुड़ी जानकारी के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था भी की गई है। कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता भी छात्रों की मदद और व्यवस्था संभालने के लिए तैनात किए गए हैं। पेयजल समेत अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।