देहरादून - दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का प्रधानमंत्री मोदी ने किया लोकार्पण, डाट काली मंदिर पहुंचकर लिया आशीर्वाद
Delhi Dehradun Expressway Inauguration - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। इसके साथ ही इस एक्सप्रेसवे पर विधिवत संचालन शुरू हो गया है। अब देहरादून से दिल्ली का सफर मात्र ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा। यह एक्सप्रेसवे उत्तराखंड के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। इससे यात्रा आसान होने के साथ-साथ पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। लोगों को अब जाम और लंबी यात्रा से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी देहरादून स्थित डाट काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। इस दौरान कुछ बच्चियों ने उनके सामने महिषासुरमर्दिनी स्तोत्रम् का पाठ किया। प्रधानमंत्री ने उनकी प्रस्तुति को ध्यानपूर्वक सुना और प्रसन्नता व्यक्त की। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका 28वां उत्तराखंड दौरा है। इससे पहले भी वे कई बार राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। सरकार का कहना है कि इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।