देहरादून - दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कल इस महत्वपूर्व कार्यक्रम में करेंगीं शिरकत
देहरादून - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर शुक्रवार को देहरादून पहुंचीं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित कई जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
राष्ट्रपति 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वह परेड की सलामी लेंगी और प्रशिक्षण पूरा कर रहे जेंटलमैन कैडेट्स को संबोधित करेंगी। पासिंग आउट परेड आईएमए की प्रमुख सैन्य परंपराओं में शामिल है, जिसमें कैडेट भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल होते हैं।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर में पुलिस, एसपीजी और खुफिया एजेंसियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं और पूरे रूट पर निगरानी रखी जा रही है। राष्ट्रपति का काफिला राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचा, जहां उनके ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है। शनिवार सुबह वह यहां से आईएमए के लिए रवाना होंगी।
दौरे के दौरान देहरादून को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। किसी भी प्रकार के निजी या व्यावसायिक ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। एसएसपी देहरादून के अनुसार होटल, लॉज, धर्मशाला, बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है।