पिथौरागढ़ - सीएम धामी मां का हाथ पकड़कर साथ पहुंचे पैतृक गांव, मंदिर में पूजा कर कर बचपन की यादें की ताजा
पिथौरागढ़ - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को अपनी माता जी के साथ पिथौरागढ़ जिले स्थित अपने पैतृक गांव टुंडी–बारमौं पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से भेंट की और गांव के मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की। सीएम धामी ने कहा कि अपने पैतृक गांव में मां के साथ पहुंचना उनके लिए बेहद भावुक क्षण रहा। उन्होंने बताया कि यही वह स्थान है जहां उन्होंने बचपन बिताया, पहली बार विद्यालय का मार्ग पकड़ा और जहां की संस्कृति, परंपराओं और स्नेह ने उनके व्यक्तित्व को आकार दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव पहुंचते ही बुजुर्गों का आशीर्वाद और मातृशक्ति का प्रेम मन को भावनाओं से भर गया। कई बुजुर्गों ने उन्हें बचपन के नाम से पुकारा, जिससे बीते वर्षों की स्मृतियां फिर ताजा हो उठीं। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं की मुस्कुराहटों ने बचपन की यादों को पुनर्जीवित कर दिया। सीएम धामी ने कहा कि इस मुलाकात में हर चेहरा अपना लगा, हर आंगन स्मृतियों से जुड़ा हुआ था। टुंडी–बारमौं उनके लिए केवल एक गांव नहीं बल्कि उनकी जड़, संस्कार और पहचान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आग्रह पर उत्तराखंडवासियों को अपने पैतृक गांवों के घरों को संवारने की दिशा में आगे आना होगा। प्रवासी उत्तराखंडी अपने गांवों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं और उन्हें इस दिशा में जागरूक होना चाहिए।