हल्द्वानी- विश्व पर्यावरण दिवस पर  आम्रपाली विश्वविद्यालय ने यहाँ ग्रामीणों को फलदार और औषधीय पौधों का किया वितरण

 

हल्द्वानी - विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आम्रपाली विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ एवं सेवानिवृत्त वन क्षेत्राधिकारी मदन सिंह बिष्ट द्वारा गोद लिए गए कुरिया गांव में पौध वितरण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और वृक्षारोपण को बढ़ावा देना रहा।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त वन क्षेत्राधिकारी मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों और युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।


इस दौरान ग्रामीणों को आम, लीची, अमरूद समेत विभिन्न फलदार एवं औषधीय पौधों का वितरण किया गया। साथ ही पौधों के संरक्षण, पर्यावरणीय महत्व और वृक्षारोपण की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों से आगामी वर्षा ऋतु में अधिकाधिक पौधारोपण करने की अपील की गई।


कार्यक्रम में अम्रपाली विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. एस.के. सिंह, कुलसचिव राधाचरण बेहरा, ग्राम प्रधान त्रिवेणी गायल, प्रो. विनोद नेगी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीष उप्रेती तथा उपग्राम प्रधान विकास गुणवंत सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस एवं अम्रपाली विश्वविद्यालय की ओर से सभी अतिथियों, ग्रामीणों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया।