नैनीताल- हरेला पर्व पर भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग का वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

 

नैनीताल - उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, नैनीताल द्वारा पर्यावरण संरक्षण को समर्पित वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वन विभाग के सहयोग से विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।


इस अवसर पर जिला खान अधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि विभाग के निदेशक के निर्देशानुसार जनपद में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वन विभाग के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जा रहा है और यह अभियान पूरे माह जारी रहेगा।


उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।


विभागीय अधिकारियों ने कर्मचारियों एवं आमजन से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया। उनका कहना था कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभावी समाधान व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण और हरियाली बढ़ाने से ही संभव है।


कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान एवं हरित उत्तराखंड के संकल्प के साथ किया गया। इस दौरान पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी सभी ने संकल्प लिया।