हल्द्वानी - शैमफोर्ड स्कूल में NCC थल सेना कैम्प चयन के लिए ऑब्स्टेकल्स प्रतियोगिता आयोजित, 50 कैडेटों ने किया दमखम का प्रदर्शन

 

हल्द्वानी - उत्तराखंड राज्य की एनसीसी थल सेना कैंप (TSC) के लिए ऑब्स्टेकल्स टीम के चयन हेतु 78 यूके बटालियन एनसीसी, हल्द्वानी के तत्वावधान में शैमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में ऑब्स्टेकल्स प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन एवं संचालन लेफ्टिनेंट कर्नल अभिलाषा जोशी, कैंप कमांडेंट, CATC एवं IGC TSC कैंप, रानीबाग के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। 

प्रतियोगिता में रुड़की, देहरादून एवं नैनीताल ग्रुप के 50 एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी शारीरिक दक्षता, अनुशासन, साहस एवं टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के आधार पर उत्तराखंड राज्य की ऑब्स्टेकल्स टीम का चयन किया जाएगा, जो आगामी थल सेना कैम्प में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।

इस अवसर पर कर्नल देवेंद्र नेगी, कमांडिंग ऑफिसर, 4 यूके बटालियन एनसीसी, पौड़ी लेफ्टिनेंट कर्नल बी. के. खंडका, प्रशासनिक अधिकारी, 79 यूके बटालियन एनसीसी; लेफ्टिनेंट कर्नल कमलदीप सिंह (सेना मेडल), प्रशासनिक अधिकारी, 81 यूके बटालियन एनसीसी, बागेश्वर; सूबेदार घनश्याम छेत्री, सूबेदार महेश सिंह तथा नायब सूबेदार अनिल सिंह (सेना मेडल) सहित अन्य सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

विद्यालय के चेयरमैन एडवोकेट दयासागर बिष्ट, डायरेक्टर अकादमिक अंजू भट्ट, प्रधानाचार्या संतोष पाण्डेय एवं विद्यालय के एएनओ लेफ्टिनेंट पान सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय प्रबंधन ने इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों ने प्रतिभागी कैडेटों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।