उत्तराखंड - रुद्रपुर में करोड़ों की NCERT किताबें बरामद, प्रशासन-पुलिस की छापेमारी, किताबों से लदा ट्रक भी लिया कब्जे में

 

रुद्रपुर - उधम सिंह नगर जिले के कीरतपुर क्षेत्र में प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये की एनसीईआरटी की किताबों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। छापेमारी के दौरान गोदाम से किताबों से लदा एक ट्रक भी कब्जे में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में किताबों की बिलिंग फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की सूचना एनसीईआरटी और शिक्षा विभाग के निदेशालय को दे दी गई है। सोमवार को एनसीईआरटी की टीम के रुद्रपुर पहुंचने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कीरतपुर स्थित एक गोदाम से एनसीईआरटी की किताबें ट्रक के जरिए कहीं भेजी जा रही हैं। सूचना मिलते ही कोतवाल मनोज रतूड़ी ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग को भी कार्रवाई के लिए सूचित किया गया। मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा भी पहुंचे, लेकिन रात के समय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद न होने के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं की जा सकी। एहतियात के तौर पर पुलिस टीम ने पूरी रात गोदाम पर नजर बनाए रखी।

अगली सुबह तहसीलदार दिनेश कुटौला के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार और जिला शिक्षा अधिकारी की मौजूदगी में गोदाम का ताला तोड़ा गया। अंदर प्रवेश करने पर टीम को बड़ी मात्रा में एनसीईआरटी की किताबें मिलीं। वहीं गोदाम में खड़ा एक ट्रक भी किताबों से लदा हुआ मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बरामद किताबों की बिलिंग फर्जी हो सकती है। गोदाम में छापेमारी के दौरान कोई कर्मचारी भी मौजूद नहीं मिला, जिससे पूरे मामले में अवैध गतिविधियों की आशंका बढ़ गई है। माना जा रहा है कि किताबों को अवैध रूप से कहीं भेजने की तैयारी की जा रही थी।

जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि किताबों के कुछ सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ये किताबें कहां से लाई गईं और कहां भेजी जानी थीं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा एनसीईआरटी की किताबें छापने के लिए केवल तीन प्रिंटर्स को अधिकृत किया गया है, जिनमें राज इंटरप्राइजेस, दीपक प्रिंटर्स और मथुरा स्थित आज तक प्रिंटर्स शामिल हैं। मामले की सूचना शिक्षा विभाग के निदेशालय देहरादून और एनसीईआरटी के अधिकारियों को भेज दी गई है। फिलहाल गोदाम को पुलिस सुरक्षा में रखा गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।