उत्तराखंड - अब यहां तहसील में 15 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया नाज़िर, विजिलेंस टीम ने मौके पर दबोचा
 

 

देहरादून - उत्तराखंड विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टिहरी जिले की तहसील धनोल्टी में तैनात नाजिर वीरेंद्र सिंह कैन्तुरा को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी नाजिर ने उसकी पत्नी द्वारा खरीदी गई जमीन की दाखिल-खारिज प्रक्रिया में सहयोग के एवज में रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में विजिलेंस मुख्यालय देहरादून को शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए ट्रैप की योजना बनाई गई।

 

नियोजित तरीके से धनोल्टी तहसील स्थित कार्यालय में विजिलेंस टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी के आवास व अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर उसकी चल-अचल संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है। विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरूगेसन ने ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

 

विजिलेंस विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी अपने पद का दुरुपयोग कर रिश्वत की मांग करता है या अवैध संपत्ति अर्जित करता है, तो उसकी सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर दें। विभाग का कहना है कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।