नैनीताल - दुष्कर्म समेत गंभीर धाराओं में वांछित नरेश पांडे ने पुलिस गिरफ्त में आते ही पिया बॉडी वॉश, सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर
 

 

नैनीताल - दुष्कर्म, गर्भपात समेत अन्य गंभीर आरोपों का सामना कर रहे भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को पुलिस ने मंगलवार रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने कथित तौर पर बॉडी वॉश पी लिया, जिसके बाद नैनीताल पहुंचने पर उसके मुंह से झाग निकलने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस उसे तत्काल बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंची।

जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मल्लीताल कोतवाली में एक छात्रा की शिकायत पर दुष्कर्म, गर्भपात समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। अग्रिम जमानत के लिए दायर उसकी याचिका हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है और मामला वर्तमान में जिला न्यायालय में विचाराधीन है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/W3EBvlyMruo?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/W3EBvlyMruo/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" title="YouTube video player" width="560">

पुलिस को सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी अपने घर लौटा है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके घर दबिश दी। इस दौरान आरोपी और उसके परिजनों ने विरोध किया। आरोपी ने खुद को घर के भीतर बंद कर फेसबुक लाइव किया और पुलिस पर मारपीट सहित कई गंभीर आरोप लगाए। लाइव के दौरान उसने ज़हर पीने का भी दावा किया।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। नैनीताल लाते समय उसके मुंह से झाग निकलने लगे, जिसके बाद उसे बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भी आरोपी ने चिकित्सकों के साथ सहयोग नहीं किया, जिससे उसकी पूरी जांच नहीं हो सकी।

डॉ. साहिल कुमार ने बताया कि मरीज के मुंह से झाग निकल रहे थे, लेकिन जांच में सहयोग नहीं मिलने के कारण यह पुष्टि नहीं हो सकी कि उसने क्या पदार्थ सेवन किया है। हालांकि प्रारंभिक जानकारी में बॉडी वॉश पीने की बात सामने आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे फारेंसिक जांच और बेहतर इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।