नैनीताल - भीमताल के मेहरागांव में निर्माणाधीन दीवार का मलबा गिरने से दो श्रमिकों की मौत, ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई

 

नैनीताल - भीमताल के मेहरागांव में रिटेनिंग वॉल (पुश्ता) निर्माण के दौरान पहाड़ी से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। हादसा 22 अक्टूबर को दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुआ। घटना की सूचना मिलते ही भीमताल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामले में निर्माण कार्य के मालिक और ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार, मेहरागांव में रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान श्रमिक दीवार का बेस तैयार करने में जुटे थे। तभी अचानक ऊपर से मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीन श्रमिक दब गए। हादसे में दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली भीमताल पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य किया।

मृतकों की पहचान गौरी देवी (38), पत्नी महेंद्र, निवासी संजय नगर, लालकुआं, हाल निवासी निसौला, भीमताल और हरीश थापा (18), पुत्र दीपक थापा, निवासी उपरोक्त के रूप में हुई है। घायल श्रमिक की पहचान नेत्र बहादुर उर्फ संजू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों श्रमिक मूल रूप से नेपाल के राजापुर के निवासी बताए गए हैं।

घटना के बाद मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस को घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक झोपड़ी में दोनों मृतकों के शव मिले। घायल श्रमिक को डायल 112 की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल भेजा गया।

मौके पर पहुंचे एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी और प्रभारी निरीक्षक भीमताल राजेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।

पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है। मामले में निर्माण कार्य के मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।