नैनीताल - तेज म्यूजिक बंद कराने पर सेवानिवृत्त शिक्षक से मारपीट, जान से मारने की कोशिश का आरोप
नैनीताल - शहर के मल्लीताल क्षेत्र में देर रात तेज आवाज में संगीत बंद कराने को लेकर विवाद हिंसक हो गया। सेवानिवृत्त शिक्षक के साथ पड़ोसी ने कथित तौर पर कमरे में खींचकर लात-घूसों से मारपीट की। परिजनों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह उनकी जान बच सकी। मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार डॉ. प्रहलाद, जो मल्लीताल अमरालय क्षेत्र में किराये के मकान में रहते हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोस में रहने वाला एक विभागीय कर्मचारी अक्सर देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजाता है और गाली-गलौज करता है। बीती रात करीब 11 बजे तक जब संगीत बंद नहीं हुआ तो उन्होंने पड़ोसी के दरवाजे पर जाकर आवाज कम करने का अनुरोध किया।
आरोप है कि इस पर पड़ोसी ने उन्हें जबरन कमरे के भीतर खींच लिया और बिना कुछ सुने मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर परिजनों ने बीच-बचाव किया, तब जाकर शिक्षक को छुड़ाया जा सका। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और उपचार के लिए बीडी पांडे अस्पताल पहुंचे।
कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने देर रात तेज आवाज में संगीत बजाने की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्ती बरतने की मांग की है।