नैनीताल - ओखलकांडा के आचार्य ने करवाई पीएम मोदी की पूजा-अर्चना, राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर लिया यह संकल्प 
 

 

नैनीताल - उत्तराखंड के नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक स्थित डालकन्या गांव के रहने वाले 25 वर्षीय आचार्य पंडित नरेश चंद्र भट्ट पुत्र रमेश चंद्र भट्ट ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष पूजा-अर्चना कराई। सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। इस दौरान आचार्य पंडित नरेश चंद्र भट्ट ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान गणेश की आराधना कर देश की समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। पीएम ने अपने सोशल मीडिया में भी फोटो ओर वीडियो पोस्ट की हैं। 

पीएम मोदी बोले लोक कल्याण के लिए करना है संकल्प - 
जब हमने आचार्य नरेश भट्ट से बात की तो उन्होंने कहा यह उनके लिए एकदम हैरान करने जैसा था, उनके सामने प्रधानमंत्री का होना एकदम सपने जैसा था, उन्होंने बताया प्रधानमंत्री मोदी अचानक ही मंदिर में पहुंचे इसकी पहले से कोई तैयारी नहीं थी। प्रधानमंत्री करीब 20-25 मिनट मंदिर परिसर में रुके, आचार्य भट्ट ने बताया कि पीएम मोदी ने देश और लोक कल्याण के नाम का संकल्प लिया जिसके बाद उन्होंने गणेश पूजा, नवग्रह, हनुमान जी और शिवजी की पूजा करवाई। 

ग्रामीण बोले हमारे गांव के लिए सम्मान की बात - 
आचार्य पंडित नरेश चंद्र भट्ट के इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने की जानकारी सामने आने के बाद डालकन्या और ओखलकांडा क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि सीमांत पहाड़ी गांव के एक विद्वान आचार्य को देश के प्रधानमंत्री की पूजा-अर्चना कराने का अवसर मिलना पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। नरेश भट्ट पिछले तीन सालों से श्री विनायक मंदिर में सेवाएं दे रहे हैं। 

ग्रामीणों का कहना है कि इससे डालकन्या गांव और ओखलकांडा की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर सामने आई है। स्थानीय लोगों ने आचार्य पंडित नरेश चंद्र भट्ट को इस अवसर के लिए शुभकामनाएं दीं।