नैनीताल - 1180 की शराब की बोतल के लिए SDM से मांगे 1200 रुपये, ओवररेटिंग का खुलासा, संचालक जोड़ने लगा हाथ
नैनीताल - जिले में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतों के बीच प्रशासन ने जांच अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर गुरुवार देर शाम उपजिलाधिकारी धारी अनुराग आर्य ने भवाली स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राहक बनकर 1180 रुपये मूल्य की शराब की बोतल खरीदी, लेकिन दुकान कर्मी ने उनसे 1200 रुपये मांगे। एसडीएम ने ऑनलाइन भुगतान कर ओवररेटिंग का प्रमाण जुटाया। दुकान संचालक को पास खड़े लोगों ने बताया कि यह SDM हैं तो वह हाथ जोड़ने लगा।
इसके बाद एसडीएम ने टीम को दुकान की विस्तृत जांच के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रेट लिस्ट को ग्राहकों को दिखाई देने वाली जगह पर लगाने के बजाय दुकान के अंदर छिपाकर रखा गया था। इसके अलावा दुकान में बिक्री के लिए उपलब्ध शराब की जानकारी भी रेट लिस्ट में दर्ज नहीं मिली। प्रशासन के अनुसार, निर्धारित मूल्य से अधिक रकम लेने और मूल्य सूची को ग्राहकों की पहुंच से दूर रखने सहित अन्य अनियमितताएं सामने आने पर दुकान के खिलाफ चालान की कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
एसडीएम अनुराग आर्य ने दुकान संचालक को निर्देश दिए कि शराब की बिक्री केवल निर्धारित मूल्य पर ही की जाए। साथ ही रेट लिस्ट को दुकान में ऐसे स्थान पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए, जहां ग्राहक आसानी से उसे देख सकें। प्रशासन ने शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखने की बात कही है।