नैनीताल - कैशियर के व्हाट्सऐप से लिंक भेजकर दो ग्राहकों से पांच लाख की साइबर ठगी, क्लिक करते ही खाते से रकम निकली 

 

कालाढूंगी - नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की कमोला शाखा में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक कैशियर के व्हाट्सऐप नंबर से भेजे गए लिंक पर क्लिक करने के बाद दो ग्राहकों के खातों से करीब पांच लाख रुपये निकाल लिए गए। घटना की जानकारी मिलने पर कई अन्य ग्राहक भी बैंक शाखा पहुंच गए और बैंक प्रबंधन के सामने नाराजगी जताते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित धर्मेंद्र कंबोज के मुताबिक उनके मोबाइल पर बैंक के कैशियर के व्हाट्सऐप नंबर से एक लिंक भेजा गया था। उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, जिसके बाद उनके खाते से दो लाख रुपये निकल गए। उन्होंने तत्काल बैंक में इसकी शिकायत की। शिकायत के करीब पांच घंटे बाद उनके दूसरे खाते से भी दो लाख रुपये निकाले जाने का मैसेज मोबाइल पर आया।

वहीं, दूसरी पीड़ित ग्राहक रानी कंबोज के खाते से भी साइबर ठगी के जरिए एक लाख रुपये निकाले जाने की बात सामने आई है। दोनों मामलों में कुल करीब पांच लाख रुपये की रकम निकाले जाने के बाद क्षेत्र के अन्य ग्राहक भी बैंक शाखा पहुंच गए। ग्राहकों ने बैंक प्रबंधन से मामले की जानकारी लेने के साथ ही साइबर ठगी की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शाखा प्रबंधक अंकित ने बताया कि दो उपभोक्ताओं के खातों से कुल करीब पांच लाख रुपये साइबर ठगी के जरिए निकाले जाने का मामला सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है और बैंक स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामले में साइबर ठगी के तरीके और व्हाट्सऐप नंबर से लिंक भेजे जाने की भी जांच की जा रही है।