नैनीताल - पहली बार हेलीकॉप्टर से हुई दूल्हा-दुल्हन की विदाई, चाचा ने भतीजे और बहु को दिया अनोखा सरप्राइज 
 

 

रामनगर - स्वच्छ वातावरण और हरियाली के कारण कार्बेट नगरी रामनगर अब शादी समारोहों का प्रमुख डेस्टिनेशन बनता जा रहा है। दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा समेत विभिन्न शहरों से लोग यहां के रिसॉर्ट्स में अपने बच्चों की शादी करना पसंद कर रहे हैं। इसी बीच रामनगर में पहली बार एक अनोखी विदाई देखने को मिली, जब दूल्हा-दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा किया गया।

नोएडा से बुलाया गया हेलीकॉप्टर, दिया अनोखा सरप्राइज - 
ग्रेटर नोएडा निवासी सुधीर कुमार के भतीजे करन सिंह की शादी कनिष्का के साथ ढिकुली के एक रिसॉर्ट में संपन्न हुई। भतीजे और बहु को खास अनुभव देने के लिए सुधीर कुमार ने नोएडा से विशेष रूप से हेलीकॉप्टर मंगवाया। दोपहर में जब दूल्हा करन और दुल्हन कनिष्का कार से महाविद्यालय के खेल मैदान पहुँचे, तो हेलीकॉप्टर देखकर दोनों खुश हो उठे। फोटोशूट के बाद सुधीर कुमार ने दूल्हा-दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा किया।

रामनगर में पहली बार हेलीकॉप्टर विदाई - 
हेलीकॉप्टर से दी गई यह शाही विदाई पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। दूल्हा करन सिंह ने बताया कि वह कार्बेट नेशनल पार्क अक्सर आते हैं और यहां की प्राकृतिक सुंदरता उन्हें बेहद पसंद है, इसलिए शादी के लिए उन्होंने रामनगर को चुना। दुल्हन कनिष्का ने कहा कि वह पहली बार रामनगर आई हैं और यहां की हरियाली व खूबसूरती ने उनका दिल जीत लिया। रामनगर की बढ़ती लोकप्रियता इसे उत्तर भारत का तेजी से उभरता हुआ वेडिंग डेस्टिनेशन बना रही है।