नैनीताल में महिला से छेड़छाड़ के आरोपित पर्यटकों से 18 हजार के लेनदेन का आरोप, चौकी इंचार्ज व कांस्टेबल लाइन हाजिर
नैनीताल - ज्योलीकोट क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ के आरोपित चार पर्यटकों के मामले में पुलिस पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि स्कार्पियो सवार चार पर्यटकों को पकड़ने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय 18 हजार रुपये लेकर मामला रफा-दफा कर दिया। मामला इंटरनेट मीडिया के माध्यम से सामने आने और एसएसपी तक शिकायत पहुंचने के बाद ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम बोरा और कांस्टेबल धमेंद्र साहनी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
यह है पूरा मामला -
जानकारी के अनुसार बीते दिनों ज्योलीकोट क्षेत्र के ग्रामीणों ने चौकी पुलिस को सूचना दी थी कि स्कार्पियो सवार चार पर्यटकों ने क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वायरलेस पर सूचना प्रसारित कर पर्यटकों के वाहन को रानीबाग क्षेत्र में पकड़ लिया। आरोप है कि चारों पर्यटकों को ज्योलीकोट चौकी लाने के बाद पुलिस ने 18 हजार रुपये लेकर मामले को रफा-दफा कर दिया।
जब मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासियों ने पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बनाया। इसके बाद पर्यटकों को 18 हजार रुपये ऑनलाइन वापस किए जाने की बात सामने आई। रुपये वापस किए जाने के बावजूद ग्रामीणों का आक्रोश शांत नहीं हुआ और मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई गई।
ऑनलाइन भुगतान से हुई लेनदेन की पुष्टि-
मामला इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में आने के बाद नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी तक पहुंचा। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार महिला से छेड़छाड़ के आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय रुपये के लेनदेन की शिकायत मिली थी। ऑनलाइन भुगतान के रिकॉर्ड से लेनदेन की पुष्टि होने के बाद ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम बोरा और कांस्टेबल धमेंद्र साहनी को लाइन हाजिर किया गया।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पुलिसकर्मियों के खिलाफ मिली शिकायत और ऑनलाइन भुगतान से हुई पुष्टि के आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले में आरोपित पर्यटकों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे प्रकरण की जांच को लेकर भी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।