Nainital Accident - शादी समारोह में हल्द्वानी आ रहे तीन शिक्षकों की सड़क दुर्घटना में गई जान, चौथे की हालत बनी है नाजुक 

 

नैनीताल - भवाली–अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर रातीघाट के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें तीन शिक्षकों की मौत हो गई, जबकि एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी शिक्षक अल्मोड़ा के हवालबाग क्षेत्र से हल्द्वानी एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर जा रही शिक्षकों की एसयूवी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई को पार करते हुए शिप्रा नदी में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही खैरना चौकी इंचार्ज हर्ष बहादुर पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुँची। अंधेरा होने के बावजूद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

 

मौके पर ही दो शिक्षकों सुरेंद्र भंडारी और पुष्कर भौसौड़ा की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल संजय बिष्ट और मनोज कुमार को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान संजय बिष्ट ने दम तोड़ दिया। मनोज कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार सभी शिक्षक अल्मोड़ा जिले के हवालबाग क्षेत्र के निवासी थे। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।