हल्द्वानी - केएफसी में खाना खाने गया युवक, स्कूटी की डिग्गी से चोर उड़ा ले गए दो लाख रुपये

 

हल्द्वानी - मुखानी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े स्कूटी की डिग्गी से दो लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। युवक बैंक से नकदी निकालकर सीधे केएफसी पहुंचा था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने स्कूटी की डिग्गी साफ कर दी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, गौलापार लखनपुर निवासी दीपक शर्मा ने मुखानी थाने में दी तहरीर में बताया कि वह 20 मई की सुबह करीब 11:30 बजे एसबीआई कुसुमखेड़ा शाखा से दो लाख रुपये नकद निकालकर लाया था। उसने रुपये अपनी स्कूटी की डिग्गी में रख दिए थे।

इसके बाद वह करीब 11:50 बजे पीलीकोठी स्थित केएफसी में खाना खाने चला गया और स्कूटी पार्किंग में खड़ी कर दी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा और डिग्गी खोली तो उसमें रखी नकदी गायब थी। घटना के बाद युवक के होश उड़ गए।

पीड़ित ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका देखकर स्कूटी की डिग्गी से नकदी चोरी कर ली। मामले में मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बैंक से ही किसी ने युवक का पीछा किया और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस संदिग्ध लोगों की तलाश में जुटी हुई है।