उत्तराखंड - मेडिकल शॉप पर हार्ट अटैक आने से अचानक गिरा शख्स, संचालक ने सीपीआर देकर बचाई जान
 

 

 

उत्तराखंड - कर्णप्रयाग नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत एक हृदय रोगी की जान बचाने का मामला सामने आया है। स्थानीय मेडिकल संचालक कैलाश सती ने बताया कि रविवार को उनके दुकान के पास एक व्यक्ति गाड़ी में बैठा था, तभी उसे अचानक घबराहट और छाती में दर्द की शिकायत हुई। 
शिकायत देखकर वह तुरंत उनकी दुकान पहुंचा। कैलाश सती ने उसकी बीपी जांच की और उसे अस्पताल जाकर चिकित्सकों को दिखाने की सलाह दी। तभी अचानक वह व्यक्ति बैठते-बैठते पीछे गिर गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। 

डॉक्टर की सलाह पर कैलाश सती ने तत्काल ही सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) शुरू कर दी। उनकी मेहनत और सतर्कता से व्यक्ति को सांस मिलना शुरू हुआ और उसकी हालत में सुधार होने लगा। इसके बाद उसे वाहन के जरिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। 

मौके पर मौजूद व्यक्ति की मां ने बताया कि रात में जब वे अस्पताल जाकर देखने गए, तो उनकी स्थिति सामान्य थी। इस घटना ने न केवल मौके पर मौजूद लोगों को जागरूक किया बल्कि यह भी साबित किया कि समय पर सही मदद कितनी अहम हो सकती है। स्थानीय प्रशासन और मेडिकल समुदाय ने इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की है। कैलाश सती का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए जाते, तो यह घटना भयावह हो सकती थी।