कोटाबाग में अवैध खनन पर रिजॉर्ट में बड़ी कार्यवाही, दो जेसीबी तीन डंपर सीज, लाखों का लगाया जुर्माना 

 

कोटाबाग - अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए जिला खान विभाग ने बीती रात बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। खनन अधिकारी ताजबर सिंह नेगी के नेतृत्व में मिली शिकायत के आधार पर 13 नवंबर 2025 की रात करीब 11:45 बजे ग्राम पट्टी स्यात्, कोटाबाग स्थित AP रिजॉर्ट्स में छापेमारी की गई।

 

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि रिजॉर्ट परिसर में दो जेसीबी मशीनों की मदद से तीन डम्परों में बड़े पैमाने पर खनिज सामग्री की अवैध खुदाई और लोडिंग की जा रही थी। खनन तथा वन विभाग की संयुक्त टीम को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

जांच के दौरान संबंधित पक्ष किसी भी प्रकार का वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाया, जिस पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से दो जेसीबी और तीन डम्पर सीज कर दिए। जांच उपरांत नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खनन अधिकारी द्वारा AP रिजॉर्ट्स पर कुल ₹8,54,262 का भारी जुर्माना लगाया गया।

खनन अधिकारी ताजबर सिंह नेगी ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन, भंडारण व अवैध परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी ऐसे मामलों पर सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। मौके पर ख़ान निरीक्षक अनिल मुयाल, वन विभाग से डिप्टी रेंजर देवकी नंदन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।