नैनीताल - कैंची धाम पहुंचीं मैथिली ठाकुर, बाबा नीब करौरी के दर्शन कर लिया आशीर्वाद, आज MB ग्राउंड में है कार्यक्रम 

 

नैनीताल - प्रसिद्ध लोक गायिका और बिहार के अलीनगर से विधायक मैथिली ठाकुर रविवार को कैंची धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में करीब आधे घंटे तक पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान सिद्धि मां के मंदिर के स्थापना दिवस पर उन्होंने प्रसाद भी ग्रहण किया।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ओपी बिंद्रा और प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने मैथिली ठाकुर को मंदिर की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्हें बाबा नीब करौरी महाराज की लीलाओं से संबंधित पुस्तक भेंट की।

मैथिली ठाकुर ने कहा कि बाबा के दर्शन कर उन्हें बेहद सुकून मिला। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज की ख्याति देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी है। दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मैथिली ठाकुर हल्द्वानी के लिए रवाना हो गईं। वह रविवार शाम हल्द्वानी में आयोजित कुमाऊं महोत्सव में शामिल होने पहुंची हैं।