देहरादून - महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में मौत, धामी कैबिनेट ने मौन रख जताया शोक

 

देहरादून - महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार का आज बुधवार सुबह हवाई दुर्घटना में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के प्रयास के दौरान उनका विमान क्रैश हो गया, जिसमें कुल पांच लोगों की मौत हुई है। इस दुखद घटना से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।

उड्डयन अधिकारियों और DGCA की पुष्टि के अनुसार, अजित पवार VSR एविएशन के VT-SSK लियरजेट 45 विमान में सवार थे। विमान में उपमुख्यमंत्री के अलावा उनके पीएसओ, अटेंडेंट तथा दो क्रू सदस्य (PIC और FO) भी मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान में सवार कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं बच पाया।

धामी कैबिनेट ने मौन रख जताया शोक- 
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट ने अजित पवार के असमय निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। साथ ही दो मिनट का मौन भी रखा गया। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में सीएम धामी ने लिखा: “जनसेवा के प्रति आजीवन समर्पित, लोकप्रिय जननेता महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी के विमान हादसे में निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के हितों के लिए उन्होंने सदैव करुणा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस हादसे में दिवंगत सभी पुण्यात्माओं को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों और समर्थकों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।।”