भीमताल - धारी में तेंदुए का आतंक, घर के पास से महिला को उठा ले गया तेंदुआ, घास काटने जंगल की ओर जा रहीं थी हेमा 

 

भीमताल - नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना में तेंदुए ने घर के पास से महिला को उठा लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली के तोक धुरा क्षेत्र निवासी हेमा देवी (पत्नी गोपाल सिंह) शुक्रवार की सुबह मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान घर के नजदीक घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें जंगल की ओर घसीटते हुए ले गया और महिला का शव बरामद कर लिया है।

महिला के देवर ने तेंदुए को भाभी को ले जाते हुए देखा। उन्होंने शोर मचाने के साथ पत्थर फेंककर तेंदुए को भगाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ महिला को छोड़ने के बजाय जंगल की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण जंगल में महिला की तलाश में जुट गए, लेकिन समाचार लिखे जाने तक हेमा देवी का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

ग्रामीणों ने मामले की जानकारी वन विभाग को दे दी है। घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से तेंदुए की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

इस संबंध में नथुवाखान के वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन कर्मियों की टीम मौके पर भेज दी गई है। महिला की तलाश के बाद शव को बरामद कर लिया है। क्षेत्र में एहतियातन लोगों से सतर्क रहने और अकेले जंगल न जाने की अपील की गई है।