लक्ष्य सेन ने रचा इतिहास, जापान मास्टर्स का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय शटलर बने उत्तराखंड और देश का बढ़ाया मान

 

अल्मोड़ा - उत्तराखंड के अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए इतिहास रच दिया है। अल्मोड़ा निवासी लक्ष्य ने जापान के कुमामोटो में आयोजित जापान मास्टर्स 2026 सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही वह जापान मास्टर्स का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष शटलर बन गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उत्तराखंड सहित पूरे देश में खुशी की लहर है।

10 से 15 नवंबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में लक्ष्य ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने मेजबान जापान के युशी तनाका को सीधे गेम में 21-16 और 21-15 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के छठी वरीयता प्राप्त एल्वी फरहान को कड़े मुकाबले में 21-12, 12-21 और 21-12 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया।

खिताबी मुकाबले में भी लक्ष्य ने शानदार वापसी करते हुए जापान के कोकी वातानबे को 13-21, 21-8 और 21-14 से हराया। पहले गेम में पिछड़ने के बाद लक्ष्य ने अगले दोनों गेम में दमदार प्रदर्शन किया और मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

इस जीत के साथ लक्ष्य को 9200 रैंकिंग अंक मिले हैं, जिससे उनके कुल रैंकिंग अंक बढ़कर 74,180 हो गए हैं। इस प्रदर्शन से उन्हें बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर के शीर्ष आठ खिलाड़ियों के बीच होने वाले प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में जगह बनाने की दौड़ में मजबूती मिलेगी।

लक्ष्य सेन का अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में यह एक और बड़ा मुकाम है। इससे पहले वह हाइलो ओपन का खिताब दूसरी बार जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे। अब तक वह अपने करियर में 15 एकल खिताब जीत चुके हैं, जिनमें आठ बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब शामिल हैं।

लक्ष्य की इस ऐतिहासिक सफलता पर उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बीएस मनकोटी, कोषाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल सहित जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा के पदाधिकारियों ने खुशी जताई है। सभी ने लक्ष्य सेन के साथ उनके माता-पिता और कोच डीके सेन को भी बधाई दी।