Kumaun Accident - अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, 11 माह के मासूम समेत 3 की मौत, इतने घायल
अल्मोड़ा - उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। मृतकों में 11 माह का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसा अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर बसौली के पास हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार संख्या DL 9C BH 8402 दिल्ली से अल्मोड़ा की ओर आ रही थी। जैसे ही वाहन बसौली क्षेत्र में चुराड़ी और महेंद्रा क्लब के बीच पहुंचा, चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में कुल आठ लोग सवार थे।
स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान -
राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खाई अधिक गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सभी घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया और नजदीकी अस्पताल भेजा गया। हालांकि, तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेस अस्पताल भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान -
मंजू देवी (44 वर्ष), निवासी कांडे, ताकुला
दिनेश राम (50 वर्ष), निवासी झिझाड़, ताकुला
रेहान (11 माह), निवासी थपनिया, ताकुला
घायलों में शामिल
जया (25 वर्ष)
गोपाल राम (50 वर्ष)
संजय (21 वर्ष)
महेश आर्या (25 वर्ष)
अर्जुन कुमार (36 वर्ष, चालक), निवासी फतेहपुर बेरी, साउथ दिल्ली
बताया जा रहा है कि सभी यात्री दिल्ली से शादी समारोह में शामिल होने झिझाड़ गांव आए थे और वापस लौट रहे थे। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।