हल्द्वानी- डंपर की चपेट में आने से युवक की हुई दर्दनाक मौत, युवती गंभीर रूप से घायल
हल्द्वानी - लालकुआं काठगोदाम राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर झेल गया। बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप शनिवार सुबह डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 30 वर्षीय कार्तिक कांडपाल पुत्र कृष्ण नन्द कांडपाल शनिवार प्रातः करीब 10 बजे स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में गांव की 25 वर्षीय युवती नेहा कांडपाल पुत्री पुष्कर कांडपाल उनसे लिफ्ट लेकर साथ बैठ गई। नेहा अशोक लीलैंड कंपनी में जॉब करती है।
बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों गांव की सड़क से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़े और आगे चल रहे डंपर (संख्या यूके 01-सीए 3035) को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और डंपर के नीचे जा घुसी। हादसे में कार्तिक का सिर डंपर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नेहा के सिर पर गंभीर चोट आई है।