हल्द्वानी - जमीन दिलाने के नाम पर विधवा से 53 लाख की ठगी, कोर्ट के आदेश पर चार लोगों पर हुआ मुकदमा दर्ज 

 

हल्द्वानी - जमीन खरीदने का सपना संजोए एक विधवा महिला कथित धोखाधड़ी का शिकार हो गई। आरोप है कि जमीन का सौदा कराने और रजिस्ट्री कराने का झांसा देकर उससे कुल 53 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। मामले में अदालत के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुखानी क्षेत्र के नंदपुर गांव निवासी दशरथी गर्ब्याल ने द्वितीय सिविल जज (जूनियर डिवीजन) हल्द्वानी की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वर्ष 2022 में उनके पति का निधन हो गया था। पति के फंड से मिली धनराशि और बैंक ऋण के सहारे वह जमीन खरीदना चाहती थीं।

महिला के अनुसार मार्च 2023 में पड़ोसी मनोज सिंह धपोला ने उन्हें भगवानपुर क्षेत्र में एक भूखंड दिखाया, जो कथित तौर पर पुष्पा बोरा के नाम पर बताया गया। 20 लाख रुपये में सौदा तय होने के बाद उन्होंने पांच लाख रुपये नकद तथा 15 लाख रुपये चेक के माध्यम से आरोपियों को दे दिए। आरोप है कि बाद में आरोपियों ने तहसील में कुछ दस्तावेज दिखाकर रजिस्ट्री होने का भरोसा दिलाया, लेकिन जांच करने पर दस्तावेज फर्जी और कूटरचित पाए गए। महिला का कहना है कि इसके बाद दूसरी जमीन दिलाने का लालच देकर उनसे और रकम ली गई, जिससे कुल भुगतान 53 लाख रुपये तक पहुंच गया।

जब लंबे समय तक न तो जमीन की रजिस्ट्री हुई और न ही रकम वापस मिली, तब पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। अदालत के आदेश पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।