हल्द्वानी - क्या खिला रही हैं आपको यह नामी दुकानें, नानक स्वीट्स, ब्राउनीज़, वी मार्ट समेत 20 प्रतिष्ठानों पर 13 लाख का लगा जुर्माना
हल्द्वानी - जनपद नैनीताल में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। न्याय निर्णयन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी विवेक राय की अदालत में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विभिन्न मामलों की सुनवाई के बाद हल्द्वानी, भीमताल, लालकुआं और तल्लीताल के 20 प्रतिष्ठानों तथा एक स्कूल मेस पर कुल 13 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया। कार्रवाई उन प्रतिष्ठानों पर की गई जहां बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार, गंदगी में खाद्य निर्माण, अधोमानक खोया और मसालों की बिक्री, मिथ्याछाप उत्पाद, एक्सपायर्ड सामग्री का प्रयोग तथा लेबलिंग नियमों के उल्लंघन जैसे मामले पाए गए।
सबसे बड़ा जुर्माना 125000 जायसवाल स्वीट्स एवं फास्ट फूड़, निकट सिन्धी चौराहा के हरीश चंद्र जायसवाल पर लगाया गया। जांच में पाया गया कि प्रतिष्ठान में बिना लाइसेंस अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। वहीं, नानक स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट पर अधोमानक खोया बेचने के मामले में 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वी मार्ट रिटेल लिमिटेड पर मिथ्याछाप सूचना देने के आरोप में 1 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया। ब्राउनीज़ द बेक शॉप एंड कैफे में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के प्रयोग और निर्माण स्थल पर गंदगी पाए जाने पर 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एक्सपायर्ड सामग्री और गंदगी मिली -
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में कई प्रतिष्ठानों में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का उपयोग, गंदगी में खाद्य निर्माण और बिना लाइसेंस कारोबार सामने आया। कुछ स्थानों पर अधोमानक हल्दी, धनिया पाउडर और खोया भी बरामद किया गया। कार्रवाई की जद में आए प्रमुख प्रतिष्ठानों में जायसवाल स्वीट्स हाउस, नानक स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, ब्राउनीज़ द बेक शॉप एंड कैफे, भाटिया होटल्स प्राइवेट लिमिटेड, वी मार्ट रिटेल लिमिटेड, उत्तरॉचल स्वीट्स, न्यू बॉम्बे फूड प्रोडक्ट्स सहित कई अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं। इसके अलावा शेरवुड कॉलेज की मेस में अधोमानक धनिया पाउडर के उपयोग पर भी 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। राजस्थान और हरियाणा की कुछ बाहरी खाद्य कंपनियों पर भी अधोमानक उत्पादों के लिए कार्रवाई की गई।
एडीएम बोले, सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं-
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट जांचने की अपील की।