हल्द्वानी - पाल कॉलेज में VIMUN का भव्य आगाज, 11-12 जुलाई को जुटेंगे देशभर के युवा प्रतिनिधि

 

हल्द्वानी - पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (PCTM) में शुक्रवार को विजन इंडिया मॉडल यूनाइटेड नेशंस (VIMUN) के शुभारंभ के अवसर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान आयोजकों ने दो दिवसीय सम्मेलन की रूपरेखा, उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी मीडिया के साथ साझा की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्थान के चेयरमैन नारायण पाल, प्रबंध निदेशक निर्भय पाल, सचिव कामिनी पाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अतुल पाल, हेड ऑपरेशन भानु बिष्ट तथा जनसंपर्क अधिकारी शुभांगी शांडिल्य उपस्थित रहे। वहीं Visionary India की ओर से को-फाउंडर एवं डायरेक्टर जनरल हरमन सिंह, को-फाउंडर ऋषभ खत्री और फाइनेंशियल एडवाइज़र स्वर्णिम ने सम्मेलन की अवधारणा और युवाओं के व्यक्तित्व विकास में मॉडल यूनाइटेड नेशंस की भूमिका पर प्रकाश डाला।

आयोजकों ने बताया कि 11 और 12 जुलाई को होने वाले VIMUN सम्मेलन में देश के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न समितियों का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर वाद-विवाद, कूटनीतिक संवाद और नीति-निर्माण की प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त करेंगे।

संस्थान प्रबंधन के अनुसार, ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद कौशल, शोध एवं विश्लेषण की दक्षता, वैश्विक दृष्टिकोण और कूटनीतिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका कहना था कि VIMUN केवल एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार और जागरूक वैश्विक नागरिक बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है।

प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के सवालों का आयोजन समिति और Visionary India की टीम ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए दो दिवसीय सम्मेलन के सफल आयोजन की कामना की गई। संस्थान ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, अभिभावकों और गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।