उत्तराखंड - बच्चा चोरी के शक में महिला को बिजली के खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल
Rudrapur News - ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। लोगों ने महिला को बिजली के खंभे से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कई महिलाएं और पुरुष एक महिला को खंभे से बांधकर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों को महिला पर बच्चा चोरी का शक हुआ, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने उसे पकड़ लिया और खंभे से बांधकर पीटना शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जब लोग महिला को ट्रांजिट कैंप कोतवाली ले जाने लगे तो वह मौके से चकमा देकर भाग गई। कुछ देर बाद लोगों ने उसे खजूर वाली गली में दोबारा पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ कोतवाली ले गई।
ट्रांजिट कैंप कोतवाल मोहन चंद्र पांडेय ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हुई। वह केवल इतना बता पाई कि उसका पति उसे छोड़कर चला गया है और वह उसे ढूंढने के लिए भटक रही थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने महिला को छोड़ दिया। कोतवाल ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा खंभे से बांधकर पिटाई का वीडियो उनके थाना क्षेत्र का नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।