उत्तराखंड - आज गंगा दशहरा के साथ शुरू होगा नौतपा, वज्र योग में प्रवेश करेंगे सूर्य देव, इतने दिन तक पड़ेगी प्रचंड गर्मी
उत्तराखंड - इस वर्ष गंगा दशहरा और नौतपा का एक ही दिन आगमन होने से इसका धार्मिक और मौसमीय महत्व बढ़ गया है। ज्येष्ठ माह में रविवार को तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल किया, वहीं सोमवार 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा के दौरान गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा और तेज धूप का असर जारी रहेगा।
ज्योतिषाचार्य अशोक वार्ष्णेय के अनुसार 25 मई को दोपहर 3:37 बजे सूर्य देव वज्र योग में रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। इसी के साथ नौतपा की शुरुआत होगी, जो 2 जून तक रहेगा। इस दौरान सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में रहने तथा मंगल के मेष राशि में गोचर करने से अग्नि तत्व में वृद्धि होगी और भीषण गर्मी का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
उन्होंने बताया कि आने वाले नौ दिनों में मंगल, गुरु, शुक्र और राहु भी अलग-अलग नक्षत्रों में गोचर करेंगे। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार नौतपा के दौरान पृथ्वी के अधिक तपने से वर्षा अच्छी होने की संभावना बढ़ती है। कृषि वैज्ञानिक भी मानते हैं कि इन दिनों की गर्मी फसलों और पर्यावरण के लिए लाभकारी होती है, क्योंकि तेज धूप से कीट और फंगस नष्ट होते हैं।
विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए लौकी, तोरई, टिंडा, सत्तू शर्बत, नींबू पानी और आम पन्ना जैसे शीतल पेय एवं खाद्य पदार्थों के सेवन की सलाह दी है। साथ ही राहगीरों को पानी और शरबत पिलाने को पुण्यदायी बताया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 28.2 और न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।