Uttarakhand Weather - पूरे उत्तराखंड में फिर जोर पकड़ेगा मानसून, जानिए अगले कितने दिनों तक आया बारिश का अलर्ट जारी
 

 

Uttarakhand Weather - उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों तक बारिश का दौर तेज होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। देहरादून और नैनीताल समेत कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

शनिवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों में सुबह से धूप खिली रही, जबकि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। दोपहर बाद बादलों की आवाजाही बढ़ने से उमस में इजाफा हुआ। देहरादून में तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई। शाम को हुई तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी।

तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट - 
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज से अत्यंत तेज वर्षा और आकाशीय बिजली चमकने का खतरा भी जताया गया है।

कई जिलों में यलो अलर्ट - 
प्रदेश के शेष जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां कहीं-कहीं गरज के साथ तेज से अति तेज बारिश होने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा - 
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें अवरुद्ध होने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।