उत्तराखंड - दुःखद, जिस घर से आज निकलनी थी भाई की बारात, वहां से उठेगा दो सगी बहनों का जनाजा, सड़क हादसे में गई जान
उधम सिंह नगर - किच्छा के एक घर में जहां शादी की तैयारियों की धूम थी, वहीं एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। किच्छा हाईवे पर हुए भीषण हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई। जिस घर से आज भाई की बारात निकलनी थी, उसी घर से अब दोनों बहनों का जनाजा उठेगा। गांव सिरौलीकलां निवासी निशा (25), पत्नी तौफीक अहमद, अपने भाई मोहम्मद जाकिर की शादी में शामिल होने के लिए अपने पति और तीन बेटियों के साथ मायके आई थी। शादी की तैयारियों के बीच निशा अपनी दो माह की बच्ची, छोटी बहन हिना (22) और ममेरी बहन रूबी (23) के साथ खरीदारी के लिए बाजार गई थीं।
बताया जा रहा है कि नयागांव के पास हाईवे किनारे ई-रिक्शा से उतरकर वे चालक को किराया दे रही थीं, तभी सितारगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने ओवरटेक करते समय ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार को जैसे ही हादसे की खबर घर पहुंची, शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। मां-बाप के सामने बेटियों की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। जिस भाई की शादी की खुशियों में बहनें शामिल होने आई थीं, वह अब गहरे सदमे में है।
बुधवार को शीशगढ़, बहेड़ी (यूपी) के लिए बारात निकलनी थी। घर में लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। दोनों बहनें भी बारात में शामिल होने को लेकर बेहद उत्साहित थीं और उन्होंने अपने हाथों से घर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया था। दूर-दूर से आए रिश्तेदारों से घर भरा हुआ था, लेकिन अब हर तरफ सन्नाटा पसरा है। हिना, जिसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी, इस हादसे की शिकार हो गई। दोनों बहनों के शव पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजे गए हैं।
पुलिस का बयान -
सीओ बीएस धौनी ने बताया कि हादसे में शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।