उत्तराखंड - शिक्षक पर छात्रा की बेरहमी से पिटाई का आरोप, शरीर पर मिले चोट के निशान, जाँच के बाद एक्शन की तैयारी
अल्मोड़ा - लमगड़ा क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में एक शिक्षक पर छात्रा की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्रा के शरीर पर चोट के निशान दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में रोष है। बताया जा रहा है कि विद्यालय में किसी बात को लेकर शिक्षक ने छात्रा की कथित रूप से पिटाई कर दी। इसके बाद छात्रा के शरीर पर चोट के निशान नजर आए। घटना की जानकारी और वीडियो सामने आने के बाद मामला शिक्षा विभाग के संज्ञान में आया। मामले को लेकर क्षेत्र के लोगों और अभिभावकों ने नाराजगी जताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिक्षा विभाग ने दिए जांच के निर्देश -
प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा आक्रोश -
घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो में छात्रा के शरीर पर चोट के निशान दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों और जिम्मेदारी का निर्धारण शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। स्थानीय लोगों ने विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ अनुशासन के नाम पर किसी भी प्रकार की हिंसा पर रोक लगाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।