उत्तराखंड - संदिग्ध हालात में सिडकुल कर्मी की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
उधम सिंह नगर - अमृतनगर नंबर एक गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय सुजय हीरा बृहस्पतिवार रात खाना खाने के बाद घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह उसका शव घर से लगभग 100 मीटर दूर एक सुनसान जगह पर स्थित कमरे में मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मृतक की बहन सुप्रिया ने आरोप लगाया है कि रात में कुछ लोगों ने सुजय को फोन कर बुलाया था, जिसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि परिजनों की ओर से अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
बताया जा रहा है कि सुजय सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत था। ग्रामीणों के अनुसार वह नशे का आदी भी था। इस मामले में डीआर वर्मा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।