उत्तराखंड - बिजली पोल पर चढ़े पीएसी कांस्टेबल की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
 

 

रुद्रपुर - ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में एक दर्दनाक हादसे में 31वीं वाहिनी पीएसी के कांस्टेबल की करंट लगने से मौत हो गई। ड्यूटी से घर लौटने के बाद बिजली की तकनीकी खराबी ठीक करने के लिए पोल पर चढ़े जवान को अचानक करंट लग गया। करंट के झटके से वह नीचे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह रावत, पुत्र लाल सिंह रावत, निवासी बगवाड़ा ग्रीन व्यू कॉलोनी, रुद्रपुर के रूप में हुई है। वह वर्ष 2011 बैच के जवान थे और 31वीं वाहिनी पीएसी की डी कंपनी में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे।

 

जानकारी के अनुसार, सोमवार को उनकी ड्यूटी शाम चार बजे तक थी। ड्यूटी समाप्त कर वह घर पहुंचे। इसी दौरान घर में बिजली की तकनीकी खराबी आने पर वह उसे ठीक करने के लिए बिजली के पोल पर चढ़ गए। मरम्मत के दौरान अचानक करंट लगने से वह नीचे गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आ गई। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। धर्मेंद्र सिंह रावत अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।31वीं वाहिनी पीएसी के सहायक सेनानायक मिथिलेश सिंह ने बताया कि धर्मेंद्र सिंह रावत विभाग की अनुमति से अपने निजी आवास में रह रहे थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह घर गए थे, जहां बिजली की खराबी ठीक करते समय यह हादसा हो गया। कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह रावत के निधन की खबर मिलते ही 31वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों और जवानों में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के लोगों ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।