हल्द्वानी - इबोला वायरस को लेकर उत्तराखंड में सतर्क, शहर में यहां 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड हुआ तैयार
हल्द्वानी - अफ्रीकी देशों के बाद हाल ही में राजस्थान में इबोला वायरस का मामला सामने आने की सूचना के बाद उत्तराखंड का स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। एहतियातन हल्द्वानी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के नए मेडिकल ब्लॉक में 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। इस वार्ड में इबोला वायरस से संदिग्ध या संक्रमित मरीजों को अन्य मरीजों से अलग रखकर उपचार किया जाएगा। संक्रमण से बचाव के लिए 100 पीपीई किट (व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण) भी उपलब्ध करा दी गई हैं।
केंद्र सरकार द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। आइसोलेशन वार्ड का नोडल इंचार्ज जनरल मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह को नियुक्त किया गया है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में इबोला वायरस का कोई सक्रिय मामला नहीं है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि तेज बुखार, आंखों में जलन, अत्यधिक बदन दर्द या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें और जांच कराएं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सतर्कता और सावधानी ही बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।