उत्तराखंड- दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय ने पवन खेड़ा के खिलाफ दी तहरीर, सीएम धामी पर कथित आरोपों को लेकर कार्रवाई की मांग
बागेश्वर - उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय ने कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा के खिलाफ कोतवाली बागेश्वर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उपाध्याय का आरोप है कि पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ राजनीतिक विद्वेष की भावना से झूठे और अनर्गल आरोप लगाए तथा सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों के जरिए वीडियो व बयान जारी किए।
भूपेश उपाध्याय ने पुलिस से मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने अपने बयान में पवन खेड़ा पर पूर्व में भी राजनीतिक षड्यंत्र के तहत आरोप लगाने का दावा किया। उन्होंने असम विधानसभा चुनाव के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी को लेकर लगाए गए कथित आरोपों का भी उल्लेख किया।
उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उनका आरोप है कि कांग्रेस राजनीतिक कारणों से मुख्यमंत्री और राज्य सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद मंच के कथित शुद्धीकरण को लेकर उठे विवाद का भी जिक्र किया और कांग्रेस पर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश का आरोप लगाया।