उत्तराखंड - हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष को मारी गोली, बाइक सवार हमलावर हुए फरार, तलाश में जुटी पुलिस
उत्तराखंड - हरिद्वार जिले में रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में मंगलवार शाम बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान पर फायरिंग कर दी। गोली कंधे को छूकर निकलने से विशाल घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार पनियाला गांव निवासी विशाल चौहान (26) पुत्र प्रवीण चौहान कार से किसी काम के सिलसिले में जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल विशाल को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सोमवार रात हुए विवाद से जोड़कर जांच -
पुलिस इस घटना को सोमवार रात मेले के दौरान हुए विवाद से जोड़कर भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मेले के दौरान विशाल चौहान और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। आरोप है कि इस दौरान विशाल को धमकी भी दी गई थी। पुलिस अब सोमवार रात के विवाद और मंगलवार को हुई फायरिंग के बीच संबंध की जांच कर रही है।
दो नेताओं के समर्थकों पर लगाया आरोप -
घायल विशाल चौहान ने एक राजनीतिक दल से जुड़े दो नेताओं के समर्थकों पर उन्हें गोली मरवाने का आरोप लगाया है। हालांकि, उनके इन आरोपों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी सिविल अस्पताल पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
सीओ ने कहा- तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई -
सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी है