उत्तराखंड - ड्राइवर की बेटी ने बढ़ाया पिता का मान, ITBP में नेहा बनी असिस्टेंट कमांडेंट
उत्तराखंड - बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत हवील कुलवान की होनहार बेटी नेहा कांडपाल ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नेहा का चयन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर हुआ है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली नेहा ने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया। उनके पिता नारायण दत्त कांडपाल पेशे से ड्राइवर हैं, जबकि माता आशा देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद नेहा ने पढ़ाई के साथ अपने लक्ष्य पर लगातार ध्यान केंद्रित रखा।
नेहा ने हाईस्कूल की शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, सीमार से प्राप्त की, जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई राइका सिरकोट से पूरी की। ITBP में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर चयन होने से परिवार में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने भी नेहा की उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।
नेहा की इस उपलब्धि पर दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक पार्वती दास, पूर्व विधायक ललित फर्सवाण सहित कई जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।